नौवां जिला स्तरीय हैंगापन दादा मेमोरियल ट्रॉफी संपन्न
इटानगर, 31 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिला में आयोजित तीन दिवसीय नौवां जिला स्तरीय हैंगपन दादा मेमोरियल ट्रॉफी का आज समापन यिंगकिओंग स्थित सार्वजनिक मैदान में सफलतापूर्वक हुआ। यह ट्रॉफी 29 मार्च से शुरू हुई थी और इसमें अंडर-16 लड़कों और लड़कियों के फुटबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले खेले गए।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपर सियांग की पूर्व जिला परिषद सदस्य लुमगेंग लिटिन और विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सदया (जीपीसी) जेनोम टेक्सेंग शामिल हुए।
यिंगकिओंग-11 और मारियांग-11 के बीच हुए रोमांचक लड़कों के फुटबॉल फाइनल में यिंगकिओंग टीम ने पेनल्टी शूटआउट में मारियांग को 4-2 से हराया। विजेता टीम को ट्रॉफी, पदक और 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
लड़कियों के फुटबॉल वर्ग में, यिंगकिओंग टीम ने मारियांग टीम को 3-0 से हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया और ट्रॉफी, पदक और 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्राप्त किया। लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों में उपविजेता रहीं मारियांग टीमों को ट्रॉफी, पदक और क्रमशः 25 हजार रुपये और 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
वॉलीबॉल में, टुटिंग ब्लॉक (लड़कों) और यिंगकिओंग ब्लॉक (लड़कियों) ने अपने फाइनल मैचों में क्रमशः यिंगकिओंग ब्लॉक और मारियांग ब्लॉक को हराकर चैंपियनशिप जीती।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ मिलकर पुरस्कार वितरित किए।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

