प्रथम वाहिनी एसएसबी ने आयोजित किया पशु चिकित्सा शिविर
गुवाहाटी, 11 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), मुख्यालय के कमांडेंट सुनील के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में वाहिनी के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जुबाई कुरकुरिया (दिगारू) में एक आज निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का नेतृत्व डॉ. ई. चाओबा सिंह, कमांडेंट (पशु.) एवं एचसी/पशु. नीतन शर्मा द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों के गाय, बैल, बकरी एवं अन्य पशुओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयां एवं पशु चिकित्सा उपचार निःशुल्क प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, संतुलित आहार, उचित देखभाल, टीकाकरण एवं मौसमी रोगों से बचाव के संबंध में एक प्रेरणात्मक जागरूकता वार्ता भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कुल 184 पशुओं का उपचार किया गया तथा 34 पशुपालक लाभान्वित हुए। शिविर के माध्यम से 03 गांव को कवर किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए एसएसबी का आभार व्यक्त किया।
प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा इस प्रकार के पशु चिकित्सा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनके साथ बेहतर समन्वय एवं संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से निरंतर किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

