गुवाहाटी एसएसबी सीमांत मुख्यालय एवं प्रथम वाहिनी ने आयोजित किया मिनी मैराथन एवं देशभक्ति दौड़
गुवाहाटी, 09 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय परिसर में रविवार काे “हर घर तिरंगा” अभियान एवं आगामी स्वतंत्रता दिवस उपलक्ष्य में एसएसबी गुवाहाटी सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक सुधीर वर्मा के मार्गदर्शन में सीमांत मुख्यालय एवं प्रथम वाहिनी द्वारा संयुक्त रूप से मिनी मैराथन एवं देशभक्ति दौड़ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसबी प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर सोनापुर कॉलेज के विद्यार्थियों, स्पोर्ट्स एसोसिएशन सोनापुर, बोरखाट गांव के ग्रामीणों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त सीमांत मुख्यालय एवं वाहिनी मुख्यालय के विभिन्न अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं अन्य कार्मिकों ने भी मिनी मैराथन एवं देशभक्ति दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्मिकों एवं स्थानीय नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली की भावना को बढ़ावा देना तथा “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना था। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, जोश एवं देशभक्ति की भावना के साथ मिनी मैराथन एवं देशभक्ति दौड़ में भाग लिया।
दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को कमांडेंट कौशिक द्वारा पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डॉ. रिंकू डे कमांडेंट (चिकित्सा), प्रथम वाहिनी, राकेश चंद्र, कमांडेंट (संचार), एमकेएस मुंडा, कमांडेंट (प्रचालन) तथा सीमांत मुख्यालय एवं प्रथम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

