“हर घर तिरंगा” एवं “आजादी का अमृत महोत्सव” के तहत चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित
गुवाहाटी, 11 अगस्त (हि.स.)। “हर घर तिरंगा” अभियान एवं “आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत आज गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में लोखरा इलाके में ‘ई’ समवाय द्वारा चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान एवं जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता से संबंधित विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर ‘ई’ समवाय के सहायक कमांडेंट/समवाय प्रभारी नवीन चंद द्वारा प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं स्थानीय लोगों को “हर घर तिरंगा” अभियान के उद्देश्य तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

