प्रथम वाहिनी एसएसबी के जी समवाय ने आयोजित किया बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम
गुवाहाटी, 18 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में लोखरा स्थित जी समवाय के कार्यक्षेत्र में आज बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देना, लैंगिक भेदभाव को समाप्त करना एवं बेटियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत में समवाय के जवानों, स्थानीय महिलाओं एवं लोखरा स्थित श्री शंकर योगा केंद्र की छात्राओं द्वारा बैनर और तख्तियों के साथ रोड शो से हुई। रोड शो में पढ़ेगी बेटी तो बढ़ेगा देश, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारे लगाए गए। इसके पश्चात श्री शंकर योगा केंद्र में जागरूकता सभा का आयोजन किया गया जिसमें लोखरा स्थित जी समवाय के इंचार्ज निरीक्षक मुकेश कुमार मीणा ने उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र की शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा और समान अवसर देना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा, “बेटियां समाज की रीढ़ हैं। यदि बेटियां शिक्षित होंगी तो राष्ट्र सशक्त होगा।” उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की।तत्पश्चात सभी के द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संबंधित शपथ ली गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बेटियों को समान अवसर देने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया। सभा में बालिका स्वास्थ्य, बालिका शिक्षा के महत्व एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

