home page

प्रथम वाहिनी एसएसबी मुख्यालय में सप्ताहव्यापी दंगा नियंत्रण एवं एंटी राइट प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

 | 
प्रथम वाहिनी एसएसबी मुख्यालय में सप्ताहव्यापी दंगा नियंत्रण एवं एंटी राइट प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न


गुवाहाटी, 18 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में आयोजित सप्ताहव्यापी दंगा नियंत्रण एवं एंटी राइट उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन समारोह आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बल के जवानों को दंगा नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना तथा आपातकालीन स्थिति में एंटी राइट उपकरणों का प्रभावी एवं सुरक्षित उपयोग करना सिखाना था। प्रशिक्षण अवधि के दौरान जवानों को दंगा नियंत्रण दस्ते की संरचना, बैरिकेडिंग, फॉर्मेशन, आंसू गैस, शील्ड, लाठी एवं अन्य एंटी राइट उपकरणों के रख-रखाव एवं उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न काल्पनिक परिस्थितियों में मॉक ड्रिल के माध्यम से व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक ने कहा कि “किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति में बल को पूर्ण रूप से तैयार एवं प्रशिक्षित रहना चाहिए। अनुशासन एवं संयम के साथ कार्य करना ही हमारी प्राथमिकता है। यह एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 13 से 18 जुलाई तक आयोजित किया गया था, जिसमें वाहिनी के सभी समवायों के जवानों ने भाग लिया।

इस अवसर पर कमांडेंट ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी कार्मिक अपने-अपने समवाय में अन्य जवानों के लिए समय-समय पर कक्षाएं एवं पुनश्चर्या प्रशिक्षण आयोजित करेंगे, ताकि प्राप्त ज्ञान का अधिकतम लाभ सभी को मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय