प्रथम वाहिनी एसएसबी के एफ समवाय में योग शिविर आयोजित
गुवाहाटी, 03 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के बाहरी इलाके सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आज मोरीगांव में तैनात एफ समवाय में 100 दिवसीय योग कार्यक्रम के तहत योग शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों एवं स्थानीय नागरिकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, तनाव को कम करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रशिक्षक द्वारा योग के महत्व पर व्याख्यान के साथ हुआ, जिसके पश्चात सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासन किए। कार्यक्रम में एफ समवाय के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर समवाय कमांडर ने कहा, योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी शांति प्रदान करता है। यदि नियमित रूप से 100 दिनों तक योग का अभ्यास किया जाए, तो जीवन में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से देखने को मिलते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

