केंद्रीय कृषि मंत्री ने गुवाहाटी में असमी सरस मेला का किया उद्घाटन
गुवाहाटी, 23 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को असमी सरस मेला 2025-26 का औपचारिक उद्घाटन किया। असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित यह मेला गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में 8 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस दाैरान असम सरकार के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री रंजीत कुमार दास भी उपस्थिति रहे।
मेले में असम सहित विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं के 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां असम का पारंपरिक मूंगा मेखेला-चादर, जीआई टैगयुक्त पानी मेटेका उत्पाद, बांस-बेंत की सामग्री, मुखौटे तथा अन्य हस्तनिर्मित वस्तुएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र की कोल्हापुरी चप्पलें, काला किशमिश, छत्तीसगढ़ की कोसा साड़ी, खादी कुर्ता तथा गोवा के हस्तनिर्मित आभूषण सहित विभिन्न राज्यों के उत्पाद भी प्रदर्शित और बिक्री के लिए रखे गए हैं। विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चौहान ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को महिला सशक्तिकरण का उज्ज्वल उदाहरण बताते हुए उन्हें “लखपति दीदी” बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्पादों के प्रभावी विपणन के लिए खरीदार-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किए जाने की आवश्यकता है। साथ ही वर्ष के 365 दिन बिक्री सुनिश्चित करने के लिए देश के प्रत्येक जिले में स्थायी सी-मार्ट केंद्र स्थापित करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि कोई भी महिला आर्थिक रूप से कमजोर न रहे, इसके लिए सभी को स्वयं सहायता समूहों से जुड़ना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य में महिला सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।
इस अवसर पर राज्य के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री रंजीत कुमार दास ने कहा कि असमी सरस मेले की प्रासंगिकता निरंतर बढ़ रही है। वर्ष 2021 में जहां मेले की बिक्री 4.18 करोड़ थी, वहीं वर्ष 2024 में यह बढ़कर लगभग 20 करोड़ रुपये हो गई। उन्होंने लोगों तथा विभिन्न कार्यालयों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की खरीद कर महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. बी. कल्याण चक्रवर्ती ने स्वागत भाषण दिया तथा असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के राज्य मिशन निदेशक कुंतलमणि शर्मा बरदलै ने धन्यवाद ज्ञापन किया। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

