home page

गुवाहाटी में राष्ट्रीय नवजात सप्ताह और 'सांस' अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ

 | 
गुवाहाटी में राष्ट्रीय नवजात सप्ताह और 'सांस' अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ


-निमोनिया के लक्षणों की शीघ्र पहचान और समय पर इलाज के लिए घर-घर जागरूकता फैलाएंगी आशा कार्यकर्ता-स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में तीन बच्चों को किया गया सम्मानित

गुवाहाटी, 21 नवंबर (हि.स.)। नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और निमोनिया की रोकथाम के उद्देश्य से शनिवार को कामरूप (मेट्रो) जिले के गुवाहाटी स्थित सातगांव अर्बन स्टेट आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 'राष्ट्रीय नवजात सप्ताह' और निमोनिया उन्मूलन के लिए सामाजिक जागरूकता एवं कार्रवाई (सांस) अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया।

निमोनिया पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। नवजात और छोटे बच्चों में इसके लक्षणों की समय पर पहचान तथा शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है।

'सांस' अभियान का उद्देश्य निमोनिया के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना, बीमारी के लक्षणों की शीघ्र पहचान को प्रोत्साहित करना और बच्चों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर अभिभावकों को निमोनिया के सामान्य लक्षणों और खतरे के संकेतों के बारे में जागरूक करेंगी।

वहीं, राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के आयोजन का उद्देश्य जन्म के तुरंत बाद नवजात शिशुओं की उचित देखभाल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम के तहत शून्य से एक वर्ष तक के बच्चों के लिए 'स्वस्थ शिशु' प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें चयनित तीन बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में कामरूप (मेट्रो) के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. भूपेंद्र कुमार भुइयां, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भाबेंद्र कुमार दास, कैपिटल जोन और सातगांव अर्बन स्टेट आयुष्मान आरोग्य मंदिर के एसडीएम एवं एचओ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला एवं जोन स्तरीय अधिकारी, चिकित्सक, नर्स तथा स्वास्थ्य केंद्र की आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं। ------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय