home page

(अपडेट) गुवाहाटी सड़क हादसे में तीन युवतियों की मौत के बाद फरार चालक की तलाश जारी

 | 
(अपडेट) गुवाहाटी सड़क हादसे में तीन युवतियों की मौत के बाद फरार चालक की तलाश जारी


गुवाहाटी, 26 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी के मठघरिया इलाके में रविवार की तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवतियों की दर्दनाक मौत के बाद से फरार चालक की तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने गुवाहाटी के मठघरिया स्थित गेट अस्पताल के समीप खड़े एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान ग्वालपाड़ा के कृष्णाई की पूजा साहा, चराईदेव के सापेखाटी की आकांक्षा सैकिया और आर्मिना अहमद उर्फ नेहा खान के रूप में हुई है।

घटना के बाद रविवार को आकांक्षा सैकिया के पिता का भावुक बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे उनकी बेटी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उन्होंने कहा, “उसने बताया कि कमरे में बिजली नहीं है और मोबाइल में चार्ज भी कम है। हमने गुड नाइट कहा और सो गए।” सुबह हादसे की सूचना मिलने पर परिवार तुरंत गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ।

पिता को सोने के लिए कहने के बाद आकांक्षा घर से क्यों निकली, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। हादसे का पूरा दृश्य सीसीटीवी में कैद हो गया है, जिसमें दिख रहा है कि गाड़ी गीतानगर की ओर से तेज रफ्तार में आकर खड़े ट्रक से टकराती है।

इधर, हादसे के बाद से कार का चालक फरार है। उसकी पहचान शमीम अहमद के रूप में हुई है, जो अगरतला का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वाहन एक ट्रैवल एजेंसी से किराए पर लिया गया था। शमीम अहमद का मोबाइल फोन फिलहाल बंद है, जिससे उसकी तलाश में मुश्किल हो रही है। बताया जा रहा है कि वह नेहा खान का करीबी और पूजा साहा का सहपाठी था।

पुलिस ने फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश