सोशल मीडिया पर सभा के आह्वान को लेकर गुवाहाटी पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण
गुवाहाटी, 11 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उस संदेश का संज्ञान लिया है, जिसमें आम लोगों से गुवाहाटी में बड़ी संख्या में एकत्र होने का आह्वान किया गया है। संदेश में सभा के आयोजन स्थल और समय की जानकारी बाद में घोषित किए जाने की बात कही गई है।
गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि फिलहाल इस प्रकार की किसी सभा के आयोजन के लिए अनुमति मांगने वाला कोई आवेदन या सूचना पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि गुवाहाटी में किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम या सभा के आयोजन के लिए लागू कानूनी प्रावधानों का पालन करना आवश्यक होगा।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे किसी कार्यक्रम के लिए सक्षम अधिकारियों से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अथवा नियमानुसार सूचना देना जरूरी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट घोषणाओं के आधार पर किसी कार्यक्रम में शामिल होने या उस पर कार्रवाई करने से बचें।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

