गुवाहाटी पुलिस की लगातार कार्रवाई, चोरी की बाइक बरामद, हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार, चोरी का सिलेंडर जब्त
गुवाहाटी, 07 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर चोरी की बाइक बरामद की, मादक पदार्थ के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया तथा चोरी का एलपीजी सिलेंडर जब्त किया। साथ ही गुम हुए मोबाइल फोन भी उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए।
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आज दी गयी जानकारी के अनुसार नूनमाटी थाना की टीम ने शिकायत दर्ज होने के मात्र तीन घंटे के भीतर यामाहा आर-15 (एएस-19आर-9826) चोरी के मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने पाथर क्वारी निवासी इदुल अली उर्फ बाबू बोड़ो (22) को गिरफ्तार किया। चोरी की बाइक खरीदने के आरोप में मेघालय के मावसिनराम निवासी एडिलबर्ट स्केमलोन (28) को भी गिरफ्तार किया गया। मेघालय पुलिस की सहायता से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एक अन्य अभियान में पलटन बाजार थाना की टीम ने अप्सरा सिनेमा हॉल में छापेमारी कर कछारी बस्ती निवासी पंकज राय (21) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 13 ग्राम वजन की 11 शीशियां हेरोइन तथा एक सिरिंज बरामद कर जब्त की गई। आरोपित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, नूनमाटी थाना पुलिस ने नूनमाटी ट्रैफिक प्वाइंट के पास चोरी के एलपीजी सिलेंडर के साथ दो आरोपितों—भवानीपुर निवासी कृष्ण दास और फॉरेस्ट गेट निवासी पंकज पाल—को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सिलेंडर जब्त कर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इधर, गरचुक थाना की महिला पुलिस टीम ने पिछले कुछ दिनों में गुम हुए 12 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए, जिससे लोगों के चेहरों पर फिर मुस्कान लौट आई।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

