home page

गुवाहाटी में नया काहिलीपारा थाना स्थापित, दिसपुर थाने का क्षेत्राधिकार विभाजित

 | 
गुवाहाटी में नया काहिलीपारा थाना स्थापित, दिसपुर थाने का क्षेत्राधिकार विभाजित


गुवाहाटी, 27 अगस्त (हि.स.)। असम सरकार के गृह (ए) विभाग ने पूर्वी गुवाहाटी पुलिस जिले के तहत काहिलीपारा पुलिस थाना स्थापित करने की अधिसूचना जारी की है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

अधिसूचना के अनुसार, कानून-व्यवस्था के प्रभावी रखरखाव और जनसेवा के उद्देश्य से दिसपुर पुलिस थाना के मौजूदा क्षेत्राधिकार को दो हिस्सों में विभाजित किया गया है। इसके तहत नया काहिलीपारा थाना बनाया गया है। नए थाने के अंतर्गत उदालबकरा आउटपोस्ट और भगदत्तपुर आउटपोस्ट को शामिल किया गया है, जो पहले दिसपुर थाना क्षेत्र में आते थे।

नया काहिलीपारा थाना फिलहाल उदालबकरा आउटपोस्ट के मौजूदा परिसर से संचालित होगा। थाने के लिए नए भवन का निर्माण होने के बाद इसे वहां स्थानांतरित किया जाएगा।

अधिसूचना में काहिलीपारा और दिसपुर पुलिस थानों के क्षेत्राधिकार का विस्तृत विवरण दिया गया है। यह अधिसूचना असम पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 11 के तहत जारी की गई है।

गृह एवं राजनीतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी ने अधिसूचना पर हस्ताक्षर किए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश