गुवाहाटी होटल गोलीकांड: आरोपित घनकांत गोगोई का रहा है आपराधिक इतिहास, प्रारंभिक पुलिस जांच में खुलासा
गुवाहाटी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के होटल विलास इन में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में प्रारंभिक पुलिस जांच में आरोपित घनकांत गोगोई के कथित आपराधिक इतिहास, धोखाधड़ी और लोगों को धमकाने से जुड़े कई मामले सामने आए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोलीकांड को अंजाम देने से पहले घनकांत ने अपनी पत्नी और बेटी को उबर के जरिए उनके भाड़े के मकान से तेजपुर भेज दिया था। इसके बाद वह स्वयं भी भेंटापारा स्थित अपने किराये के मकान से वाहन लेकर निकल गया था।
घनकांत गोगोई का पैतृक घर डिब्रूगढ़ जिले के नाहरकटिया स्थित जयपुर लेबांगकुला में है। बताया गया है कि गुवाहाटी में गोलीकांड को अंजाम देने के बाद उसने अपने पैतृक गांव में परिवार के सदस्यों को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, उसने अपनी भाभी से कथित तौर पर कहा था कि उसने आत्मरक्षा में छह लोगों की हत्या की है।
प्रारंभिक जांच में घनकांत का नाम जोरहाट में भी कथित तौर पर मारपीट, हथियार दिखाकर धमकाने और धोखाधड़ी से जुड़े मामले में सामने आया है। वर्ष 2024 में उसके खिलाफ जोरहाट के पुलिबोर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायतकर्ताओं जीतू खान और माधुर्य गोस्वामी के अनुसार, घनकांत ने कथित तौर पर बंदूक दिखाकर लोगों के साथ मारपीट की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घनकांत ने एक मकान खरीदने के लिए समझौता किया था, लेकिन तय रकम का भुगतान नहीं किया। इसके उलट, उसने मकान मालिक को जान से मारने की धमकी दी थी।
गुवाहाटी के होटल विलास इन में सोमवार रात हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपों की पुष्टि जांच के दौरान की जानी बाकी है।
मृतकों में भूदेव भराली (65, बरपेटा), हेलेना भराली (58, नबीन नगर, गुवाहाटी), देबर्षि कश्यप (39, नबीन नगर, गुवाहाटी), रिनिका कश्यप (30, नबीन नगर, गुवाहाटी) और नारायण दास (48, बरपेटा) एवं घायल की शिनाख्त बरपेटा निवासी सत्येन्द्र पाठक (43) के रूप में हुई है। जिसकी फिलहाल गुवाहाटी मेडिकल कालेज एंड अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज चल रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

