गुवाहाटी में दो ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, 10 ग्राम से अधिक हेरोइन ज़ब्त
गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम गुवाहाटी डिस्ट्रिक्ट पुलिस (डब्ल्यूडीपीडी) की टीम ने गरचुक पुलिस स्टेशन के तहत गुवाहाटी के कटाबारी में ड्रग्स के खिलाफ़ चलाए गए एक अभियान के दौरान दो कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लालगणेश के रहने वाले जिंटू मंडल (35) और बारसापारा के निवासी अज़ान अहमद (19) के तौर पर हुई है।
अभियान के दौरान, पुलिस ने 10.54 ग्राम वज़न की हेरोइन की नौ शीशियां, 5,680 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल (एएस-01 डीएस-9801) बरामद की, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर ड्रग्स के गैर-कानूनी कारोबार में किया जा रहा था।
ज़ब्त किए गए ड्रग्स और अन्य सामान को कब्ज़े में ले लिया गया है और दोनों आरोपितों के खिलाफ़ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि क्या इन दोनों का किसी बड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

