home page

गुवाहाटी में 1.05 लाख रुपये के जाली नोटों के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
गुवाहाटी में 1.05 लाख रुपये के जाली नोटों के साथ युवक गिरफ्तार


गुवाहाटी, 11 अगस्त (हि.स.)। असम पुलिस ने गुवाहाटी में जाली भारतीय मुद्रा नोटों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1.05 लाख रुपये मूल्य के 210 संदिग्ध जाली नोट बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार युवक की पहचान भरलुमुख निवासी हर्ष अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आज बताया कि पुलिस को आमबारी इलाके में जाली नोटों के प्रसार की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर अभियान चलाकर आरोपी को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 500 रुपये मूल्य के 210 संदिग्ध जाली नोट बरामद किए। पुलिस के अनुसार, बरामद मुद्रा को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

जांच अधिकारी अब जाली नोटों के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ इनके प्रसार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुवाहाटी में हाल के सप्ताहों के दौरान जाली मुद्रा के खिलाफ चलाए गए अभियान की कड़ी का हिस्सा है। इन अभियानों में कई लोगों की गिरफ्तारी के साथ 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के संदिग्ध जाली नोट बरामद किए जा चुके हैं।

हाल ही के एक मामले में जीआरपी ने कामाख्या रेलवे स्टेशन से 7.37 लाख रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपितों की पहचान झारखंड के पाकुड़ जिले के निवासी 59 वर्षीय दयाल दास और 50 वर्षीय गुलाब शेख के रूप में हुई थी। दोनों को रात करीब 9.30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-1 से पकड़ा गया था।

एक अन्य कार्रवाई में दिसपुर पुलिस ने छह माइल इलाके से 2.56 लाख रुपये मूल्य के संदिग्ध जाली नोट बरामद किए और कथित रूप से इनकी तस्करी में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान धेमाजी जिले के देवरिगांव निवासी देबोजित देउरी और अजय विश्वकर्मा के रूप में हुई है।

इससे पहले 30 जून को दिसपुर पुलिस ने छह माइल-पंजाबाड़ी इलाके में कार्रवाई करते हुए 10.90 लाख रुपये मूल्य के संदिग्ध जाली नोट बरामद किए थे। मामले में अनुज गुप्ता, महेश शुक्ला और रोशन गुप्ता नामक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक वाहन को रोका था। अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपित उत्तर प्रदेश के कानपुर से सड़क मार्ग के जरिए आए थे।

लगातार हो रही बरामदगी के बाद पुलिस अब जाली मुद्रा के संभावित अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि गुवाहाटी जाली नोटों के अंतरराज्यीय नेटवर्क के लिए एक संभावित ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल हो रहा है।

पुलिस जाली नोटों के स्रोत और इनके प्रसार से जुड़े व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश