राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पर्यवेक्षक और जिला निर्वाचन अधिकारी की बैठक आयोजित
गुवाहाटी, 25 मार्च (हि.स.)। आसन्न विधानसभा चुनाव 2026 में भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त कामरूप (मेट्रो) जिले के सामान्य पर्यवेक्षक प्रदीप कुमार कृष्णराव डांगे एवं हिम शेखर गुप्ता, व्यय पर्यवेक्षक रंजन प्रकाश एवं रजत सेन तथा पुलिस पर्यवेक्षक असलाम खान की उपस्थिति में, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला आयुक्त सपना पल की अध्यक्षता में बुधवार को स्वीकृत राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के कामरूप (मेट्रो) जिला समितियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला आयुक्त के कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में आगामी चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र और पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन आचार संहिता, मतदान केंद्र और स्ट्रॉंग रूम की तैयारी, मतदान, निर्वाचन खर्च आदि प्रत्येक पहलू की समीक्षा की गयी। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रत्येक राजनीतिक दल को निर्वाचन आचार संहिता का पालन करने के साथ-साथ निर्वाचन आयोग की नीतियों और निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त, 26 मार्च को शाम चार बजे मतदान अधिकारियों के साथ आयोजित की जाने वाली बैठक में उपस्थित रहने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया। बैठक में गुवाहाटी (मेट्रो) पुलिस आयुक्त डॉ. पार्थ सारथी महंत सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े उच्च पदस्थ अधिकारी उपस्थित रहे।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

