गुवाहाटीः दुर्गा पूजा के दौरान सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत, 105 घायल
गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान 16 से 21 अक्टूबर तक गुवाहाटी में हुए सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई और 105 अन्य घायल हो गए। वर्तमान समय में 82 लोगों का इलाज चल रहा है। जिसमें 67 पुरुष और 15 महिलाएं हैं।
गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) के आंकड़ों के अनुसार, अस्पताल ने इन 6 दिनों के दौरान सड़क हादसों में घायल हुए 114 लोगों का इलाज किया, जिनमें से 9 लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़े त्योहारों के मौसम में सड़क सुरक्षा चुनौतियों को दर्शाते हैं। इस दौरान लोग पूजा पंडालों में जाने और उत्सवों में शामिल होने के लिए निकलते हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। जीएमसीएच में इलाज कराने वाले 114 पीड़ितों में 67 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। शेष मरीजों के बारे में विस्तार से सूचनाएं साझा नहीं की गयी है। सिर्फ उनकी संख्या बतायी गयी है।
घायलों में से लगभग 20 प्रतिशत की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें अभी भी मेडिकल देखभाल की जरूरत है, जो इस दौरान हुए कई हादसों की गंभीरता को दिखाता है। इन मामलों में दोपहिया वाहनों से होने वाले हादसों की संख्या काफी अधिक है, जो त्योहारों के दिनों में ट्रैफिक बढ़ने पर वाहन चालकों के सामने आने वाले खतरों की ओर इशारा करता है।
मौतों और गंभीर चोटों के बावजूद, पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में गुवाहाटी में सड़क हादसों की कुल संख्या में 15 प्रतिशत की कमी आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

