गुवाहाटी में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 156.77 ग्राम हेरोइन बरामद
गुवाहाटी, 01 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने शहर के बीरूबाड़ी-शंकरपुर क्षेत्र में छापेमारी कर तीन कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 156.77 ग्राम हेरोइन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय ने बुधवार काे बताया कि, विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर वेस्ट गुवाहाटी पुलिस जिला (डब्ल्यूजीपीडी) की फटासिल आमबारी थाना पुलिस की टीम ने बुधवार को यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पानबाजार निवासी नुरुल हक (39), फैंसी बाजार निवासी नितेश सिंह (21) और पानबाजार निवासी सालेहा बीबी (27) के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 127 शीशियों में रखी 156.77 ग्राम हेरोइन, 1,14,082 नकद तथा तीन मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

