आईएसबीटी के पास हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने आज तड़के इंटर स्टेट बस टर्मिनस (आईएसबीटी) इलाके में तलाशी अभियान चलाते हुए एक स्कूटी से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद करने के साथ ही दो ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज तड़के लगभग 04 बजे, नाइट पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान सब इंस्पेक्टर कुशल डेका और उनके स्टाफ ने आईएसबीटी के पास एक सफ़ेद/काले रंग की अप्रिलिया स्कूटी (एमएल-05एक्स-3998) को रोककर तलाशी ली।
स्कूटी की डिक्की से स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दो साबुनदानी मिले, जिनमें कुल 25.16 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद किया गया। स्कूटी पर सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान हातिम अली (18, दरंग) और रफीकुल इस्लाम (19, दरंग) के रूप में की गयी है।
तस्करों के पास से स्कूटी (चाबी सहित) और दो मोबाइल फोन भी ज़ब्त किए गए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

