गुवाहाटी ड्रेनेज मास्टर प्लान की समीक्षा, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर
गुवाहाटी, 04 जुलाई, (हि.स.)। असम के आवास एवं शहरी कार्य मंत्री कौशिक राय ने शनिवार को गुवाहाटी शहर के लिए तैयार जीआईएस आधारित व्यापक ड्रेनेज मास्टर प्लान तथा बाहिनी-भरलू बेसिन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की समीक्षा की। बैठक में शहर में जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और बार-बार होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई।
जनता भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रस्तावित ड्रेनेज परियोजनाओं, तकनीकी सुझावों और वर्षा जल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि प्रस्तावित योजनाएं व्यावहारिक, टिकाऊ और प्रभावी हों, ताकि शहर की जलनिकासी व्यवस्था में दीर्घकालिक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री कौशिक राय ने संबंधित सलाहकारों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए सुझावों को शामिल करते हुए मास्टर प्लान और डीपीआर में आवश्यक संशोधन किए जाएं। उन्होंने अंतिम स्वीकृति से पहले संशोधित प्रस्तावों की पुनः गहन समीक्षा करने का भी निर्देश दिया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कमी या त्रुटि न रहे।
बैठक में शहरी बाढ़ प्रबंधन के लिए समग्र और दीर्घकालिक रणनीति अपनाने, अत्यधिक वर्षा की परिस्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने तथा प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में आवास एवं शहरी कार्य विभाग, जीएमडीए, एयूआईडीएफसीएल, लोक निर्माण विभाग तथा गुवाहाटी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री राय ने गुवाहाटी में जलभराव की समस्या के प्रभावी समाधान और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

