home page

24वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा, 2026–27 की स्वागत समिति का गठन

 | 
24वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा, 2026–27 की स्वागत समिति का गठन


गुवाहाटी, 14 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के बरबारी स्थित सुदर्शनालय में सेवा भारती पूर्वांचल, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली 24वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा की स्वागत समिति के गठन हेतु आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के सुझावों एवं विचार-विमर्श के आधार पर धन्वंतरी सेवा यात्रा के सफल आयोजन के लिए एक स्वागत समिति का गठन किया गया।

स्वागत समिति के पदाधिकारियों में अध्यक्ष भूपेंद्र पाल सिंह; उपाध्यक्ष डॉ. स्थापना शर्मा; सचिव डॉ. चिरंजीव कोरेला; संयुक्त सचिव जयंत महंत; कोषाध्यक्ष संदीप माहेश्वरी शामिल हैं।

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य उल्लास कुलकर्णी, राष्ट्रीय सेवा भारती के उपाध्यक्ष रमेन शर्मा, क्षेत्र सेवा प्रमुख राजेश देशकर, सह-सेवा प्रमुख सुरेंद्र तालखेड़कर तथा नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के सचिव डॉ. रक्तिम तमुली उपस्थित रहकर मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में धन्वंतरी सेवा यात्रा के विभिन्न कार्यक्रमों, अतिथियों के स्वागत, संगठनात्मक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 से धन्वंतरी सेवा यात्रा निरंतर आयोजित की जा रही है। इस सेवा यात्रा के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवा, सेवा भावना एवं मानवीय मूल्यों का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

सेवा, समर्पण एवं मानव कल्याण के आदर्शों के साथ 24वीं धन्वंतरी सेवा यात्रा को सफल बनाने हेतु समिति ने सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय