गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन कॉरिडोर विस्तार के प्रस्ताव पर पीएम मोदी व रेल मंत्री की सकारात्मक प्रतिक्रिया : हिमंत
गुवाहाटी, 01 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि दिल्ली से सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को गुवाहाटी तक विस्तारित करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इसे असम के लिए लंबे समय से देखा जा रहा सपना बताते हुए कहा कि इस दिशा में सकारात्मक संकेत मिलने से वह बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्हाेंने कहा कि बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने से गुवाहाटी से दिल्ली की यात्रा आठ घंटे से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी। इससे राज्य के युवाओं, उद्यमियों, व्यापारियों और पर्यटन क्षेत्र के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश की विकास यात्रा से और मजबूती से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि उनकी सरकार असम के लिए बड़े सपने देखने और उन्हें वास्तविकता में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत और नए असम की शक्ति का प्रतीक बताया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

