गुवाहाटी में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार डिलीवरी एग्जीक्यूटिव को मारी टक्कर, मौत
गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के जयानगर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवा डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक उसे सड़क पर काफी दूर तक घसीटता ले गया।
पुलिस ने आज बताया कि यह हादसा सिक्स माइल और बेलतला को जोड़ने वाले सड़क पर बीती रात हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, पीड़ित बाइक (एएस-15एई-6084) चालक सिक्स माइल से बेलतला की ओर जा रहा था, तभी वशिष्ठ की तरफ से आ रहे एक ट्रक (एएस-25बीसी-6065) ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर से कुछ देर पहले ही वह ट्रक फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) परिसर से बाहर निकला था।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर जा गिरी, जबकि सवार ट्रक के पहियों के नीचे आ गया। इसके बाद ट्रक उसे सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। कुछ दूर आगे जाकर रुका। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने देखा कि युवक की मौत हो चुकी थी। उसके पास मौजूद डिलीवरी के सामान को देखकर माना जा रहा है कि वह फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म 'स्विगी' के लिए काम करता था।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, लेकिन ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ड्राइवर का पता लगाने और पीड़ित की पहचान व पता जानने की कोशिश कर रही है। अधिकारी उसके परिवार से संपर्क करने का भी प्रयास कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

