गुवाहाटी में दो करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
| Apr 4, 2026, 21:08 IST
गुवाहाटी, 04 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के बीच शनिवार को राजधानी गुवाहाटी की वशिष्ठ पुलिस ने देर शाम तलाश अभियान चलाते हुए एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य का ड्रग्स बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया है कि वशिष्ठ थाना क्षेत्र के लताकाटा इलाके में चलाए गये तलाशी अभियान के दौरान प्रतिबंधित मादक पदार्थ को बरामद किया गया। इस संबंध में ड्रग्स तस्कर अब्दुल हामिद को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 15 पैकटों में छुपाकर लाये गये प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
गिरफ्तार तस्कर अब्दुल हामिद मूल रूप से कामरूप (ग्रामीण) जिला के रंगिया का निवासी बताया गया है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

