home page

गुवाहाटी के बरसापारा फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, ई-ऑटो चालक की मौत

 | 
गुवाहाटी के बरसापारा फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, ई-ऑटो चालक की मौत


गुवाहाटी, 21 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के बरसापारा फ्लाईओवर पर शनिवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में इलेक्ट्रिक ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

आज पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बलेनो कार (एएस-01एफएल-3688) ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी फ्लाईओवर पर इलेक्ट्रिक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक तपन कलिता की गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृत ई-रिक्शा चालक की पहचान तपन कलिता (53, वशिष्ठ) के रूप में की गयी है। वहीं स्थानीय लोगों ने कार चालक गुवाहाटी के आमबाड़ी निवासी ललित राय (28) को पकड़कर फटाशील आमबाड़ी पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। बताया गया है कि कार चालक शराब के नशे में धुत था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

वहीं, ऑटो में सवार दीपांजलि सिन्हा बोडो नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। दुर्घटना से संबंधित अन्य विवरणों की प्रतीक्षा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश