सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने असम पुलिस को सौंपी 50 अत्याधुनिक बाइक
गुवाहाटी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। असम पुलिस के वाहन नियंत्रण, पेट्रोलिंग, कानून व्यवस्था लागू करने और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के मकसद से मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने आज दिसपुर स्थित लोकसेवा भवन परिसर में हीरो मोटोकॉर्प की 'राइड सेफ इंडिया' सीएसआर पहल के तहत प्रदान की गई 50 मेब्रिक 440 सीसी बाइक को असम पुलिस को औपचारिक रूप से सौंपी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनता भवन परिसर की सड़क पर हेलमेट पहनकर बाइक चलाते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का एक मजबूत संदेश दिया।
आज असम पुलिस को सौंपी गई बाइक भीड़-भाड़ वाले रास्तों पर पुलिस की आवाजाही को और आसान और तेज बनाने के साथ-साथ पेट्रोलिंग, वाहन नियंत्रण और कानून लागू करने में अधिक प्रभावी होने में मदद करेंगी। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं, यातायात जाम और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। असम पुलिस के लिए विशेष रूप से तैयार की गई इन बाइकों पर असम पुलिस का लोगो और ब्रांडिंग भी जोडा जाएगा। 440 सीसी का इंजन, 6-स्पीड ट्रांसमिशन, डुअल-चैनल एबीएस, डिस्क ब्रेक और पूरी तरह से एलईडी लाइटिंग सिस्टम से लैस ये बाइकें पुलिस की कार्यक्षमता और सड़क पर तत्परता को बढ़ाएंगी। इसके साथ-साथ, वाहन पुलिस को पहले ही यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, कानून लागू करने और आपातकालीन प्रतिक्रिया में विशेष क्षमता बढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
आज के इस कार्यक्रम में असम पुलिस के महानिदेशक हरमित सिंह, गुवाहाटी महानगर पुलिस आयुक्त पार्थसारथी महंत और हीरो मोटोकॉर्प के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

