आदिंगिरी पहाड़ पर बेदखली अभियान, करीब 14 बीघा अतिक्रमित भूमि मुक्त कराने की पहल
गुवाहाटी, 21 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के मालीगांव स्थित आदिंगिरी पहाड़ी पर कथित अवैध कब्जे के खिलाफ शनिवार को कामरूप महानगर जिला प्रशासन ने बेदखली अभियान शुरू किया। अभियान के तहत करीब 14 बीघा पहाड़ की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।
यह अभियान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश के बाद शुरू किया गया है। आरोप है कि स्थानीय भू-माफियाओं ने पहाड़ी के कुछ हिस्सों पर अवैध रूप से कब्जा कर बिना आवश्यक अनुमति के कई निर्माण कराए थे।
प्रशासन ने इन अनधिकृत निर्माणों को हटाकर कब्जे वाली भूमि को वापस अपने नियंत्रण में लेने की पहल की है। अभियान की निगरानी के लिए एक सर्किल अधिकारी सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इस बीच, आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों को कथित तौर पर प्रभावित कर पहाड़ के कुछ हिस्सों की खुदाई भी कराई गई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
राज्य सरकार की ओर से सरकारी और वन भूमि पर कथित अवैध कब्जों को हटाने के लिए चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

