home page

गन्स एन’ रोजेज के कॉन्सर्ट को लेकर गुवाहाटी में यातायात प्रतिबंध, पार्किंग की विशेष व्यवस्था

 | 

गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय रॉक बैंड गन्स एन’ रोजेज के 17 नवंबर को गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित वेटरनरी कॉलेज खेल मैदान में होने वाले संगीत कार्यक्रम को देखते हुए गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय ने यातायात प्रतिबंधों और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की घोषणा की है।

पुलिस की ओर से रविवार को जारी निर्देशावली के अनुसार, ये व्यवस्थाएं आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने, विशेषकर बच्चों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा तथा एम्बुलेंस, दमकल वाहनों और स्कूल बसों जैसे आवश्यक वाहनों की निर्बाध आवाजाही बनाए रखने के उद्देश्य से की गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के दिन दोपहर 3 बजे से जीएस रोड पर सभी प्रकार के व्यावसायिक मालवाहक वाहनों और धीमी गति से चलने वाले वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध सिक्समाइल अंडरब्रिज से खानापाड़ा रोटरी तथा सिक्समाइल अंडरब्रिज से जयनगर चारिआली होते हुए बालूघाट त्रिपुरा गली तक लागू रहेगा। इसके अलावा, बेलतला तीनाली से जयनगर चारिआली और जयनगर चारिआली से एपीएससी प्वाइंट तक भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

दोपहर 2 बजे से प्रिजन गेट प्वाइंट से कोइनाधारा प्वाइंट तक, केवी खानापाड़ा से एपीएससी प्वाइंट तक तथा एनएच-27 के कोइनाधारा प्वाइंट से खानापाड़ा रोटरी तक सर्विस लेन में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।

पुलिस ने जीएस रोड पर सिक्समाइल अंडरब्रिज से खानापाड़ा रोटरी तक दोनों ओर सड़क किनारे पार्किंग पर प्रतिबंध लगाया है। इसी तरह सिक्समाइल, जयानगर चारिआली, त्रिपुरा गली, बालूघाट और एपीएससी प्वाइंट के विभिन्न हिस्सों में भी सड़क किनारे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। एनएच-27 और उसकी सर्विस रोड पर खानापाड़ा रोटरी से पिंकू कटिंग तथा ग्रीनवुड रिसॉर्ट तक भी पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

निर्धारित पार्किंग स्थल

जीएस रोड से आने वाले लोगों के लिए कृषि निदेशालय (कृषि भवन), ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कलामंदिर, वेटरनरी फार्म गेट, असम समझौता मैदान, वेटरनरी कॉलेज परिसर और असम प्रशासनिक कर्मचारी महाविद्यालय में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

ऊपरी असम और मेघालय की ओर से आने वाले लोग एनएच-27 स्थित मुकुट पार्किंग, देबाशी पार्किंग, पिंकू पार्किंग और वशिष्ठ मंदिर पथ का उपयोग कर सकेंगे।

वहीं, एनएच-27, बेलतला और जयनगर चारिआली के रास्ते निचले असम से आने वाले लोगों के लिए त्रिपुरा गली, बालूघाट, जूडियो शोरूम के निकट, लीला टावर के पास निजी पार्किंग और केवी खानापाड़ा में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

दोपहिया वाहनों के लिए बेलतला बिहुतली मैदान, खानापाड़ा स्थित जीएमसी पार्किंग और मिनी आईएसबीटी खानापाड़ा में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।

पुलिस ने सीमित पार्किंग स्थलों को देखते हुए लोगों से यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। सभी निर्धारित पार्किंग स्थल पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे। पार्किंग स्थलों की उपलब्धता की जानकारी गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय और गुवाहाटी ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया मंचों पर साझा की जाएगी।

टिकट के अनुसार प्रवेश व्यवस्था

सिल्वर टिकट धारकों को ओल्ड सीपी ऑफिस रोड स्थित गेट संख्या 5, 6, 7, 8 और 9 से प्रवेश करना होगा। गोल्ड टिकट धारकों के लिए एपीएससी के सामने वॉकिंग जोन स्थित गेट संख्या 11 निर्धारित किया गया है। वहीं, प्लेटिनम लाउंज टिकट धारकों को असम कृषि विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय अतिथि गृह (रोहिका) के निकट एनएच-27 की सर्विस रोड पर स्थित गेट संख्या 4 से प्रवेश करना होगा।

सिल्वर और गोल्ड टिकट धारकों को जीएस रोड की ओर से आने पर एपीएससी प्वाइंट तथा एनएच-27 की ओर से आने पर कोइनाधरा प्वाइंट पर उतारा जाएगा। प्लेटिनम लाउंज टिकट धारकों को एनएच-27 की सर्विस रोड पर निर्धारित स्थान पर उतारा जाएगा। इसके बाद वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े किए जा सकेंगे।

उबर और रैपिडो जैसी कैब सेवाओं के लिए जीएस रोड से आने वाले यात्रियों को ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कलामंदिर के गेट संख्या 1 पर उतारा जाएगा। इसके बाद कैब सिल्पग्राम होते हुए पंजाबाड़ी की ओर जाएंगी। एनएच-27 से आने वाले यात्रियों के लिए केके हांडिक राज्य मुक्त विश्वविद्यालय के सामने ड्रॉप-ऑफ प्वाइंट निर्धारित किया गया है। वहां से कैब कोइनाधारा प्वाइंट की ओर रवाना होंगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन प्रतिबंधों से दमकल वाहन, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाइयां और ऑक्सीजन सिलेंडर ले जाने वाले वाहन, स्कूल बसें, दूध के वाहन तथा स्थानीय निवासियों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी।

गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय के यातायात विभाग ने आम जनता से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है, ताकि अंतरराष्ट्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश