डिजिटल अरेस्ट साइबर अपराध मामले में गुजरात पुलिस ने बरपेटा रोड के युवक को किया गिरफ्तार
बरपेटा (असम), 12 अगस्त (हि.स.)। देशभर में ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर हो रही साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुजरात पुलिस ने असम के बरपेटा रोड में अभियान चलाकर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान बरपेटा रोड के नीचुका गांव निवासी रफीकुल आलम के रूप में हुई है।
गुजरात पुलिस के पांच सदस्यीय दल ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। रफीकुल आलम पर गुजरात में एक व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का भय दिखाकर बड़ी रकम ठगने के मामले में शामिल होने का आरोप है। गुजरात पुलिस इस मामले में उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, ‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर अपराधियों द्वारा अपनाया जाने वाला ठगी का एक तरीका है, जिसमें अपराधी पुलिस, सीबीआई या प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और फर्जी मामले में गिरफ्तारी का डर दिखाकर पीड़ितों से बैंक खातों के माध्यम से बड़ी रकम वसूलते हैं।
गुजरात में दर्ज इसी तरह के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस को रफीकुल आलम के बारे में सुराग मिला। मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर गुजरात पुलिस ने बरपेटा रोड में अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक को आगे की पूछताछ के लिए गुजरात ले जाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित साइबर अपराध गिरोह में असम के और कितने लोग शामिल हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

