home page

गौहाटी विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव का शुभारंभ

 | 
गौहाटी विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव का शुभारंभ




गुवाहाटी, 04 नवंबर (हि.स.)।

उत्तर-पूर्वी भारत के उच्च शिक्षा के प्रमुख केंद्रों में से एक तथा असम के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गौहाटी विश्वविद्यालय के चालू वर्ष के अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव का बुधवार।को औपचारिक रूप से शुभारंभ हुआ।

विश्वविद्यालय खेल परिषद के अधीन तथा स्नातकोत्तर छात्र संघ के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में असम के 60 से अधिक महाविद्यालयों के लगभग 1000 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं संगीत, नृत्य, साहित्य सहित लगभग 40 प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी असम की शान, अमर कलाकार जुबीन गर्ग के अमर सृजनों को आगे ले जाने के उद्देश्य से 'जुबीन गर्ग की आवाज में असमिया आधुनिक गीत प्रतियोगिता' शीर्षक से एक विशेष प्रतियोगिता वर्ग को शामिल किया गया है।

युवा महोत्सव का उद्घाटन करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत ने युवा महोत्सव को प्रतिभा विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए प्रत्येक महाविद्यालय का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, युवा महोत्सव युवा पीढ़ी की सुप्त प्रतिभा के विकास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसा उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ प्रत्येक महाविद्यालय को सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

सांस्कृतिक शोभायात्रा में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित लोकप्रिय अभिनेत्री आईमी बरुवा और प्रसिद्ध गायिका विदिशा देवी ने युवा महोत्सव को प्रतिभा प्रदर्शन का एक उपयुक्त मंच बताया। सांस्कृतिक शोभायात्रा में विभिन्न महाविद्यालयों ने दशावतार, कामरूप का इतिहास, गौहाटी विश्वविद्यालय का इतिहास, असमिया परंपरा, मुखौटा शिल्प, रूपही असम जैसे विभिन्न विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं।

उद्घाटन समारोह में कुलसचिव प्रोफेसर उत्पल शर्मा, संकाय सचिव डॉ. रंजन कुमार काकती, उप छात्र कल्याण निदेशक डॉ. कुलदीप पाटगिरि, कुलपति के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. संजय कुमार दत्ता, कुलपति के सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मृणाल ज्योति डेका सहित प्राध्यापक, आमंत्रित अतिथि, स्नातकोत्तर छात्र संघ के पदाधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर