गौहाटी विश्वविद्यालय की पहल: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 5,000 शैक्षणिक सामग्री का वितरण
गुवाहाटी, 29 अगस्त (हि.स.)। हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित शिवसागर जिले के छात्रों की शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से, गौहाटी विश्वविद्यालय ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत के नेतृत्व में और विश्वविद्यालय प्रेस के सहयोग से 5,000 शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया।
गौहाटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर दीपेन बेजबरुवा और प्रोफेसर विकास गोगोई ने अन्य सहयोगियों के साथ प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद स्कूलों का दौरा किया, छात्रों के साथ बातचीत की और 15 स्कूलों के विद्यार्थियों के बीच 3,500 से अधिक शैक्षणिक किट वितरित किए। इसके अलावा, 1,500 अन्य किट जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को सौंपे गए।
इस पहल के बारे में बात करते हुए कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत ने कहा, बाढ़ जैसी आपदाओं से छात्रों की शिक्षा में बाधा नहीं आनी चाहिए। ऐसे कठिन समय में उनके साथ खड़े होना एक विश्वविद्यालय के रूप में हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। शैक्षणिक किट वितरण की इस पहल के माध्यम से हम केवल अध्ययन सामग्री प्रदान नहीं कर रहे हैं, बल्कि बाढ़ प्रभावित बच्चों को उनकी शिक्षा जारी रखने के लिए अपने समर्थन का संदेश भी दे रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि गौहाटी विश्वविद्यालय जरूरत के समय हमेशा समाज के साथ खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध है। समाज का कल्याण विश्वविद्यालय का हमेशा मुख्य दायित्व रहा है।
गौहाटी विश्वविद्यालय प्रेस के निदेशक प्रोफेसर अंकुरण दत्त ने प्रेस के सभी कर्मचारियों के साथ-साथ प्रोफेसर दीपेन बेजबरुवा और प्रोफेसर विकास गोगोई को इस पहल के सफल कार्यान्वयन के लिए अपनी ओर से हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

