सरूपथार में भाजपा प्रत्याशी विश्वजीत फूकन के आवास पर ग्रेनेड से हमला
गोलाघाट (असम), 06 अप्रैल (हि.स.)। असम के सरूपथार क्षेत्र में उस समय तनाव फैल गया, जब अज्ञात बदमाशों ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशी विश्वजीत फूकन के बिलगांव चांगपुल स्थित आवास पर ग्रेनेड फेंक दिया। हालांकि, उसमें विस्फोट नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था और केवल एक रखवाला ही वहां उपस्थित था। ग्रेनेड में विस्फोट नहीं होने के चलते किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया गया है कि ग्रेनेड काफी पुरानी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने ग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया है।
इधर, विश्वजीत फूकन ने बरपथार थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

