स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली का संदेश लेकर कोकराझार में निकाली गई ग्रीन रैली
-‘पटाखों को कहें ना, स्वच्छ हवा को कहें हां’ के संदेश के साथ लोगों को किया गया जागरूक
कोकराझार (असम), 07 नवम्बर (हि.स.)। स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को कोकराझार जिला प्रशासन की ओर से असम स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (एएसआरएलएम) तथा नेशनल अर्बन लाइवलीहुड मिशन (एनयूएलएम), कोकराझार के सहयोग से ग्रीन रैली का आयोजन किया गया।
‘पटाखों को कहें ना, स्वच्छ हवा को कहें हां’ थीम पर आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति आम लोगों को जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना था।
कोकराझार के जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कोकराझार नगर पालिका बोर्ड के अध्यक्ष, डीपीएम, एएसआरएलएम, कार्यकारी अभियंता, कोकराझार नगर पालिका बोर्ड, सिटी मैनेजर, एएसआरएलएम के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्य, कम्युनिटी कैडर तथा कोकराझार एवं डोटमा विकासखंड के बीएमएमयू, एएसआरएलएम के सीएलएफ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एनयूएलएम, कोकराझार से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर पटाखों के इस्तेमाल से बचने, स्वच्छ हवा बनाए रखने तथा पर्यावरण के अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने आम नागरिकों को त्योहार के दौरान वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस पहल के माध्यम से जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी से स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का आह्वान किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे रोशनी और खुशियों के इस पर्व को प्रदूषणमुक्त बनाकर हरित दीपावली की भावना को साकार करने में अपना योगदान दें।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

