कोकराझार में वीसीडीसी स्तर पर एसवीईईपी अभियान तेज
कोकराझार (असम), 25 मार्च (हि.स.)। जिले में जमीनी स्तर पर मतदाता जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न विकास खंडों में एसवीईईपी (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार को कचुगांव विकास खंड, डोटमा विकास खंड के बिन्नाचरा वीसीडीसी, बोरागारी वीसीडीसी कार्यालय तथा शक्तियाश्रम वीसीडीसी सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय मतदाताओं और समुदाय के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रत्येक वीसीडीसी के अंतर्गत आयोजित बैठकों में मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मतदान के दिन समय पर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों को लोकतंत्र को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के एसवीईईपी शुभंकर ‘सिखिरी’ और ‘द्विमालु’ से युक्त पंपलेट वितरित किए गए, ताकि संदेश को सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जा सके। इन प्रयासों के माध्यम से जिले में मतदाता सहभागिता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक माहौल तैयार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

