home page

गुवाहाटी में भाजपा का भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश

 | 
गुवाहाटी में भाजपा का भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश


गुवाहाटी, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को गुवाहाटी में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। यात्रा में 5,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और भाजपा असम प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया के नेतृत्व में निकली यह यात्रा ज्योति-बिष्णु सभागार से शुरू होकर खानापाड़ा तक पहुंची। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

आयोजकों के अनुसार, तिरंगा यात्रा केवल एक जुलूस नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय चेतना तथा एकता की भावना को मजबूत करने की पहल थी।

भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता जयंत कुमार गोस्वामी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, सम्मान, स्वतंत्रता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर मजबूत नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम में विकास, शांति और सामाजिक सद्भाव का नया वातावरण बना है। गुवाहाटी में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा राज्य के लोगों में मौजूद राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना को दर्शाती है।

भाजपा ने समाज के सभी वर्गों से देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश