home page

राज्यपाल ने अखिल असम सत्र और नामघर समारोह में लिया हिस्सा, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर दिया जोर

 | 
राज्यपाल ने अखिल असम सत्र और नामघर समारोह में लिया हिस्सा, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर दिया जोर


नगांव, 23 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को नगांव जिले के पुरनीगुदाम स्थित डॉ. भवेन्द्रनाथ सैकिया सभागार में आयोजित अखिल असम सत्र और नामघर समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने असम की समृद्ध सत्र और नामघर परंपराओं के संरक्षण तथा युवाओं को राज्य की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का आह्वान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने इसे असम की गुरु परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक पहचान का उत्सव बताया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रस्तुत बोरगीत, सत्रिया नृत्य और पारंपरिक खोल वादन की उन्होंने सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव और उनके शिष्यों द्वारा स्थापित सत्र एवं नामघर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि असम के सामाजिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक जीवन के महत्वपूर्ण संस्थान हैं। श्रीमंत शंकरदेव और श्रीश्री माधवदेव द्वारा प्रचारित एक शरण नाम धर्म के एकता, समानता और भक्ति के आदर्श आज भी पीढ़ियों को प्रेरित कर रहे हैं।

उन्होंने बरगीत, सत्रिया नृत्य, अंकिया नाट और खोल-ताल को असम की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान बताते हुए सत्रिया नृत्य को भारत की आठवीं शास्त्रीय नृत्य शैली के रूप में मान्यता मिलने को राज्य के लिए गौरव का विषय बताया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकास भी विरासत भी' के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने श्रीमंत शंकरदेव की जन्मस्थली बटद्रवा थान को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की सराहना की। उन्होंने सत्र भूमि के संरक्षण और समग्र विकास के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

राज्यपाल ने युवाओं से नामघर की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने, बरगीत और सत्रिया कलाओं को सीखने तथा डिजिटल माध्यमों एवं शोध के जरिए श्रीमंत शंकरदेव की मानवतावादी शिक्षाओं को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का आग्रह किया।

समारोह में लोकसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, बरहमपुर के विधायक जीतू गोस्वामी, माजुली के श्रीश्री उत्तर कमलाबाड़ी सत्र के सत्राधिकार तथा अखिल असम सत्र महासभा के अध्यक्ष जनार्दन देवगोस्वामी सहित कई सत्राधिकार और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश