home page

लोक भवन की जनकल्याणकारी योजनाओं की राज्यपाल ने की समीक्षा, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

 | 
लोक भवन की जनकल्याणकारी योजनाओं की राज्यपाल ने की समीक्षा, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर


गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुरुवार को लोक भवन में आयोजित एक समीक्षा बैठक में राज्यभर के लोगों के हित में लोक भवन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पहलों की प्रगति, प्रभावशीलता और क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने सभी योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध कार्यान्वयन पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकेंद्रित शासन व्यवस्था तथा अंत्योदय के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर इन योजनाओं की परिकल्पना की गई है, ताकि लाभार्थियों के जीवन में सार्थक और मापनीय सुधार लाया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था को हमेशा जनता की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी बनाए रखना आवश्यक है।

समीक्षा बैठक में योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, लक्षित लाभार्थियों तक उनकी पहुंच तथा उनकी प्रभावशीलता बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। राज्यपाल ने अधिकारियों को जन-जागरूकता बढ़ाने, योजनाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने तथा सभी पहलों की सुदृढ़ निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कल्याणकारी कार्यक्रमों के कार्यान्वयन में अधिक नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से समावेशी विकास एवं जनकल्याण के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में राज्यपाल के आयुक्त एवं सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम् सहित लोक भवन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश