home page

असम के राज्यपाल ने बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की, समय पर राहत एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश

 | 
असम के राज्यपाल ने बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की, समय पर राहत एवं पुनर्वास सुनिश्चित करने के निर्देश


गुवाहाटी, 29 जुलाई (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने बुधवार को लोक भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में राज्य की बाढ़ स्थिति की समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव एल स्वीटी चांगसान, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने राज्यपाल को बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों, प्रभावित आबादी, राहत शिविरों की व्यवस्था, बचाव कार्य, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे की बहाली तथा सरकार द्वारा उठाए जा रहे राहत उपायों की जानकारी दी।

राज्यपाल ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बचाव एवं राहत कार्य बिना किसी बाधा के जारी रहें और सभी प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचे। उन्होंने राहत सामग्री, सुरक्षित आश्रय, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों जैसे कमजोर वर्गों की विशेष देखभाल करने के निर्देश भी दिए, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें त्वरित और पर्याप्त सहायता मिल सके।

राज्यपाल ने सभी विभागों और फील्ड एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों के शीघ्र पुनर्वास के लिए हरसंभव प्रयास करने पर बल दिया।

उन्होंने जिला प्रशासन, एएसडीएमए, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों और राहत कार्यों में जुटे सभी कर्मियों के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के संयुक्त प्रयासों से राज्य मौजूदा बाढ़ संकट का प्रभावी ढंग से सामना करेगा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश