खारघुली खेल मैदान में रंगाली बिहू कार्यक्रम का राज्यपाल आचार्य ने किया उद्घाटन
गुवाहाटी, 14 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के खारघुली खेल मैदान में रंगाली बिहू के उपलक्ष्य में एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से असमिया नववर्ष का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने बिहू की समृद्ध परंपरा को प्रस्तुत किया।
दूसरी ओर जजेज फील्ड में आयोजित अखिल असम छात्र संघ (आसू) के मुकली बिहू कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आसू नेताओं ने कहा कि बहाग से शुरू होने वाला यह वर्ष असमिया समाज के लिए आशा का वर्ष बने। उन्होंने यह भी कामना की कि यह वर्ष ऐसा हो, जिसमें जनता स्वयं को सुरक्षित महसूस करे।
कार्यक्रम में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक उत्सव की झलक देखने को मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

