डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती पर राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 08 सितंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मंगलवार को महान संगीतकार भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के अवसर पर गुवाहाटी के दीघलीपुखुरी स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन अखिल असम छात्र संघ (आसू) ने किया।
राज्यपाल ने डॉ. भूपेन हजारिका को असम की प्रतिष्ठित आवाज और मानवता के प्रबल समर्थक के रूप में याद करते हुए कहा कि उनका अमर संदेश प्रेम, करुणा और भाईचारे के शाश्वत मूल्यों को व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि असम की मिट्टी और ब्रह्मपुत्र की भावना से जुड़ा डॉ. हजारिका का संगीत सीमाओं से परे जाकर पीढ़ियों और क्षेत्रों के लोगों को एकजुट करता रहा है।
राज्यपाल आचार्य ने असमिया संस्कृति, संगीत और मानवतावाद के क्षेत्र में डॉ. हजारिका के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनकी जन्म शताब्दी पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने दीघलीपुखुरी परिसर में पौधारोपण भी किया। बाद में उन्होंने लोक भवन में सुधाकंठ डॉ. भूपेन हजारिका को पुष्पांजलि अर्पित की। लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी महान संगीतकार को श्रद्धांजलि दी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

