राज्यपाल ने मनोहारी टी एस्टेट का किया दौरा
डिब्रूगढ़ (असम), 16 जुलाई (हि.स.)। डिब्रूगढ़ जिले के अपने दो दिवसीय दौरे के आखिरी चरण में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुरुवार को मनोहारी टी एस्टेट का दौरा किया और चाय बागान के मजदूरों, मनोहारी टीई एलपी स्कूल के छात्रों और एस्टेट समुदाय के सदस्यों से बातचीत की।
बातचीत के दौरान राज्यपाल आचार्य ने चाय बागान समुदाय को दी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मजदूरों से उनके सर्वांगीण विकास और भलाई के लिए शुरू की गई कल्याणकारी पहलों के बारे में उनकी राय भी जानी।
छात्रों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने उन्हें मिठाइयां बांटीं और उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में सवाल पूछे। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे भविष्य में सफल नागरिक बनेंगे।
बाद में, राज्यपाल ने चाय फैक्टरी का दौरा किया और टी टेस्टिंग और टूरिस्ट लाउंज का उद्घाटन किया। राज्यपाल ने कहा कि उम्मीद है कि मनोहारी टी एस्टेट असम की चाय की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करेगा और आने वालों को चाय उद्योग की परंपराओं और इतिहास के बारे में गहराई से जानने का मौका देगा।
फैक्टरी के दौरे के दौरान, राज्यपाल ने एस्टेट में उत्पादित की जा रही चाय की विभिन्न किस्मों के बारे में भी जानकारी ली और उन्हें चाय बनाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

