ड्रग्स के खिलाफ राज्यपाल ने डिफू में निकाली पदयात्रा
कार्बी आंगलोंग (असम), 29 सितंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मंगलवार को डिफू में नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा का नेतृत्व किया। पदयात्रा में सैकड़ों विद्यार्थियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेटों, सामाजिक संगठनों, सरकारी अधिकारियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।
डिफू टाउन हॉल में सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए परिवारों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।
इसके बाद राज्यपाल टाउन हॉल से जिला आयुक्त कार्यालय तक प्रतिभागियों के साथ पैदल चले। पदयात्रा के समापन पर उन्होंने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। जिला आयुक्त कृति चाचरा ने प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

