home page

राज्यपाल आचार्य ने की कछार से नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा की शुरूआत

 | 
राज्यपाल आचार्य ने की कछार से नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा की शुरूआत


कछार (असम), 17 सितंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुरुवार को कछार जिले के पाइलापूल स्थित नेहरू कॉलेज से नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। राज्यव्यापी अभियान के तहत यह पदयात्रा असम के 10 जिलों से होकर गुजरेगी और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जनजागरूकता फैलाएगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशा मुक्त भारत के विजन से प्रेरित यह पदयात्रा 2 अक्टूबर तक चलेगी। इसका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को अभियान से जोड़ते हुए स्वस्थ, सशक्त और नशा मुक्त असम के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

नेहरू कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य ने कहा कि नशा मुक्ति का अभियान युवाओं के भविष्य, परिवारों की खुशहाली और समाज की सुरक्षा से सीधे जुड़ा है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत और नशा मुक्त असम का लक्ष्य सामूहिक जिम्मेदारी और निरंतर जनभागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि छात्रों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पदयात्रा को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। राज्यपाल ने युवाओं से अपनी ऊर्जा और रचनात्मकता को शिक्षा, खेल, योग, कला, कौशल विकास, नवाचार और समाजसेवा जैसे रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।

आचार्य ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ नशे की लत से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता भी जरूरी है। उपचार, परामर्श और पुनर्वास के माध्यम से उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने पर भी जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए कछार जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

राज्यपाल ने नागरिकों से अभियान के संदेश को गांवों, मोहल्लों, स्कूलों, कार्यस्थलों और परिवारों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने नशा मुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गैर सरकारी संगठनों और चुनिंदा व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।

जनसभा के बाद राज्यपाल ने नेहरू कॉलेज परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पदयात्रा की शुरुआत की। जागरूकता मार्च पाइलापूल चौक पर संपन्न हुआ। इसमें छात्रों, शिक्षकों, नागरिक समाज के सदस्यों, अधिकारियों सहित 2,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय, कछार के जिला आयुक्त राहुल कुमार गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास, अनुमंडल पदाधिकारी ध्रुवज्योति पाठक और नेहरू कॉलेज की प्राचार्य डॉ. एल. भारती सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इससे पहले कछार पहुंचने पर राज्यपाल ने राज्यपाल असम वरिष्ठ नागरिक सम्मान पहल के तहत लखीपुर निवासी 108 वर्षीय सुनीला दास को सम्मानित किया। उन्हें असमिया गमछा, 51,000 रुपये का चेक, साड़ी, शॉल, छाता और फलों की टोकरी भेंट की गई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश