असम के राज्यपाल ने काली पूजा और दीपावली की शुभकामनाएं दीं
गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने काली पूजा और दीपावली के पावन अवसर पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि काली पूजा मां काली का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर है। मां काली की शक्ति और कृपा लोगों को नकारात्मकता पर विजय प्राप्त करने तथा साहस, आस्था और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मां काली का आशीर्वाद राज्य के प्रत्येक परिवार में शांति, सुख, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आएगा।
दीपावली को प्रकाश, आशा और नवचेतना का पर्व बताते हुए आचार्य ने कहा कि यह त्योहार बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व समाज को सत्य, करुणा, सद्भाव और आपसी समझ जैसे शाश्वत मूल्यों की भी याद दिलाता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली का प्रकाश प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को आशा और सकारात्मकता से आलोकित करेगा तथा लोगों के बीच एकता, सौहार्द और भाईचारे की भावना को और मजबूत बनाएगा।
राज्यपाल ने लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक रहते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने स्वच्छ और हरित असम के निर्माण में योगदान देने के लिए पर्यावरण अनुकूल एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का आग्रह किया। साथ ही त्योहार की वास्तविक भावना और पवित्रता बनाए रखने की भी अपील की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

