home page

होजाई में राज्यपाल ने 101 वर्षीय उपेंद्र बिस्वास को किया सम्मानित

 | 
होजाई में राज्यपाल ने 101 वर्षीय उपेंद्र बिस्वास को किया सम्मानित


होजाई (असम), 30 सितंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने बुधवार को होजाई स्थित 101 वर्षीय उपेंद्र बिस्वास के आवास पर पहुंचकर उन्हें ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान’ से सम्मानित किया। यह सम्मान समाज और राज्य के प्रति उनके आजीवन योगदान एवं सेवा के लिए प्रदान किया गया।

राज्यपाल ने उपेंद्र बिस्वास को पारंपरिक गमछा, सेलेंग चादर, शॉल, धोती, छाता और फलों की टोकरी भेंट की। इसके अलावा उन्हें 51,000 रुपये का चेक भी प्रदान किया।

इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य ने उपेंद्र बिस्वास के जीवन को समर्पण, परिश्रम और अनुशासन का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान उस पीढ़ी के मूल्यों, संघर्षों और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना है, जिसने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राज्यपाल ने उपेंद्र बिस्वास के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश