होली के अवसर पर राज्यपाल ने असमवासियों को दी शुभकामनाएं
गुवाहाटी, 02 मार्च (हि.स.)। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने होली के पावन अवसर पर राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में राज्यपाल ने होली को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और विविधता में एकता की भावना को दर्शाने वाला जीवंत पर्व बताया। उन्होंने कहा कि रंगों और उल्लास से परिपूर्ण यह त्योहार आशा की निराशा पर तथा सद्भाव की वैमनस्य पर विजय का प्रतीक है।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पर्व समाज के सभी वर्गों के बीच सद्भाव, भाईचारे और आपसी सम्मान के संबंधों को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक संबंधों को नवीनीकृत करने, पारस्परिक समझ बढ़ाने और शांति तथा सामूहिक प्रगति के प्रति साझा संकल्प को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है।
सुख-समृद्धि की कामना करते हुए राज्यपाल ने लोगों से आग्रह किया कि वे इस त्योहार को आनंद, जिम्मेदारी और समावेशिता की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि होली के रंग हर घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे और सभी के जीवन में स्वास्थ्य, सफलता एवं खुशहाली लेकर आएंगे।
राज्यपाल ने नागरिकों से सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति सजग रहकर होली मनाने की भी अपील की, ताकि इस पर्व की वास्तविक भावना—एकता और करुणा—अक्षुण्ण बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

