असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का राज्यपाल ने किया हवाई सर्वेक्षण, राहत शिविरों का लिया जायजा
गुवाहाटी, 30 जुलाई (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुरुवार को शिवसागर, चराईदेव और जोरहाट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान का जायजा लिया तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
राज्यपाल ने शिवसागर जिले के लक्ष्मी नगर राहत शिविर और शिवसागर हाई स्कूल राहत शिविर का दौरा कर बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने राहत सामग्री वितरित की और शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
प्रभावित लोगों को आश्वस्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम की बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और राज्य को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
राज्यपाल ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे बच्चों, महिलाओं, धात्री माताओं, वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों की विशेष आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित परिवार आवश्यक सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने जिला प्रशासन, आपदा राहत दलों, सुरक्षा बलों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय समुदायों के प्रयासों की सराहना करते हुए राहत एवं पुनर्वास कार्यों को पूरी संवेदनशीलता और समन्वय के साथ जारी रखने का आह्वान किया।
इस दौरान असम के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशव महंत, शिवसागर के संरक्षक मंत्री बिमल बोरा, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

