home page

अरुणाचल बाढ़: राज्यपाल ने जताया दुख, तैयारी रखने को कहा

 | 

इटानगर, 25 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानृवित्त) केटी परनाइक ने केयी पान्योर ज़िले में अचानक आई बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर गहरा दुख जताते हुए उन्होंने लापता लोगों के बारे में भी चिंता जताई और उनके सुरक्षित मिलने की प्रार्थना की।

घायलों के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हुए, राज्यपाल ने इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

सक्रिय कदम उठाने का आह्वान करते हुए, राज्यपाल ने ज़िला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और मानसून सीज़न के लिए तैयारी मज़बूत करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जोखिम वाली जगहों की पहचान करें, मौसम की स्थिति पर कड़ी नज़र रखें और बाढ़ व भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों तक समय पर चेतावनी और सलाह पहुंचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने राज्य प्रशासन, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइज़ेशन को भी निर्देश दिया कि वे आपस में मिलकर काम करें ताकि ज़रूरी सड़क संपर्क नेटवर्क चालू रहे और भूस्खलन के मलबे से मुक्त रहे।

उन्होंने कहा कि मानसून के महीनों में बचाव दलों, आपातकालीन सेवाओं, ज़रूरी सामान की आपूर्ति और लोगों की सुविधा के लिए संपर्क बनाए रखना, खासकर दूर-दराज़ और सीमावर्ती इलाकों में, बहुत ज़रूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी