home page

राज्यपाल ने लोक भवन में बच्चों के साथ मनाया बाल दिवस

 | 
राज्यपाल ने लोक भवन में बच्चों के साथ मनाया बाल दिवस


गुवाहाटी, 14 नवंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने आज लोक भवन के कर्मचारियों के बच्चों के साथ बाल दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ खुशी, स्नेह और आत्मीयता के पल साझा किए।

बच्चों के साथ अपनी खुशी साझा करते हुए, राज्यपाल ने कहा कि बच्चे ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उनके सपने, जिज्ञासा और रचनात्मकता ही एक प्रगतिशील भारत के निर्माण की मुख्य प्रेरणा हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा, अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और उचित अवसर प्रदान करके हर बच्चे की क्षमताओं को निखारना, इस राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने के लिए बेहद जरूरी है।

राज्यपाल ने बच्चों को बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने, जिज्ञासु बने रहने और अनुशासन, करुणा व देशभक्ति जैसे मूल्यों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में कुछ खास क्षमता होती है, और उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी प्रोत्साहन और सही माहौल मिलना चाहिए।

राज्यपाल ने बच्चों के बीच मिठाइयां भी बांटीं और उनके सुखद जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर असम की प्रथम महिला कुमुद देवी, राज्यपाल के आयुक्त एवं सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम, तथा लोक भवन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय